पन्ना , जून 29 -- देश और दुनिया में हीरों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक आदिवासी परिवार की किस्मत उस समय चमक गई, जब उसे 11.19 कैरेट वजन का जेम क्वालिटी का हीरा मिला। इसकी अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये आंकी गई है।
हीरा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरगवां की निजी हीरा खदान में राकेश गोंड को सोमवार को यह हीरा मिला। राकेश गोंड ने अपने परिवार के साथ संयुक्त कलेक्ट्रेट स्थित हीरा कार्यालय पहुंचकर हीरे का वजन कराया और उसे नियमानुसार जमा करा दिया।
राकेश गोंड ने अप्रैल माह में निजी भूमि का पट्टा लेकर अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ हीरा खदान शुरू की थी। करीब दो माह की लगातार मेहनत के बाद उन्हें यह जेम क्वालिटी का हीरा मिला।
उल्लेखनीय है कि इसी परिवार को जुलाई 2024 में कृष्णा कल्याणपुर स्थित पटी उथली हीरा खदान से 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी शासकीय नीलामी में 93 लाख रुपये की बोली लगी थी।
हीरा कार्यालय के अनुसार 11.19 कैरेट के इस हीरे को आगामी शासकीय नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी के बाद शासन की रॉयल्टी काटकर शेष राशि हीरा धारक को प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित