पन्ना , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश में पन्ना टाइगर रिजर्व के प्रवेश द्वार गुरुवार से पर्यटकों के भ्रमण के लिए खोल दिए गए। देशी और विदेशी पर्यटक अब वन्य प्राणियों का दीदार करने के साथ जंगल और हरी-भरी वादियों का आनंद ले सकेंगे।
नए पर्यटन सत्र के शुभारंभ पर सुबह टाइगर रिजर्व के मंडला गेट पर पर्यटकों के स्वागत की विशेष तैयारी की गई। फील्ड डायरेक्टर बृजेंद्र श्रीवास्तव और डिप्टी डायरेक्टर बी.के. पटेल की मौजूदगी में प्रवेश द्वार को फूलों से सजाया गया। उत्साहपूर्ण माहौल में फीता काटकर प्रवेश द्वार खोले गए तथा गाइड, जिप्सी चालक और पर्यटकों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जिप्सियों को सफारी के लिए रवाना किया। पर्यटन सत्र के पहले दिन ही बड़ी संख्या में पर्यटक पार्क भ्रमण के लिए मंडला प्रवेश द्वार पहुंचे। पर्यटकों में वन्य प्राणियों, विशेषकर बाघ का दीदार करने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित