पन्ना , जून 20 -- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती से निकले हीरे ने एक परिवार की किस्मत चमका दी है। यहां जरुआपुर गांव स्थित उथली हीरा खदान से शुक्रवार को 6.54 कैरेट वजन का कीमती हीरा मिला है, जो उच्च गुणवत्ता किस्म का है। यह खदान नोएडा निवासी मीणा सिंह के नाम पर संचालित की जा रही थी।

हीरा कार्यालय पन्ना से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार खदान में काम कर रहे मजदूरों को खुदाई के दौरान 6.54 कैरेट वजन का कीमती हीरा मिला है। हीरा मिलने की सूचना पर उसे नियमानुसार पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है। हीरा निरीक्षक नूतन जैन ने हीरे की जांच कर उसे उच्च गुणवत्ता का बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपए के बीच हो सकती है।

हीरा निरीक्षक ने बताया कि खदान से मिले इस हीरे को आगामी होने वाली नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी के बाद शासन की निर्धारित रॉयल्टी की राशि काटकर शेष रकम हीरा धारक मीणा सिंह को प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित