चंडीगढ़ , अप्रैल 13 -- हरियाणा सरकार ने पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित किये हैं। ये देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं, जिनकी घोषणा 26 जनवरी 2027 को की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गयी है। सभी सिफारिशें केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी।

सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि योग्य व्यक्तियों की पहचान कर समय पर अनुशंसाएं भेजी जायें। इन पुरस्कारों का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना है। महिलाओं, कमजोर वर्गों और वंचित समुदायों से प्रतिभाओं को आगे लाने पर भी जोर दिया गया है।

रबी खरीद में तेजी, गेहूं की आवक 39.65 लाख टन राज्य में रबी खरीद सीजन 2026-27 के तहत गेहूं की आवक 39.65 लाख टन तक पहुंच गयी है, जिसमें से 10.92 लाख टन की खरीद की जा चुकी है। किसानों के खातों में करीब 188 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किये गये हैं।

सरकार ने खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन, जियो-फेंसिंग और कैमरों जैसी व्यवस्थायें लागू की हैं। 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत किसान आसानी से अपनी उपज बेच पा रहे हैं। सरकार ने आश्वासन दिया है कि किसानों को एमएसपी पर उनकी पूरी उपज का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित