नयी दिल्ली , मई 27 -- केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (पूर्व राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान) के पूर्व कुलपति एवं प्रख्यात संस्कृत विद्वान प्रो. वेम्पटी कुटुम्ब शास्त्री काे पद्मश्री से सम्मानित किये जाने पर यहां अभिनंदन किया गया।
प्रो. शास्त्री को हाल ही में प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. वरखेड़ी ने कहा कि प्रो. शास्त्री को प्राप्त पद्मश्री सम्मान संपूर्ण संस्कृत जगत, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का क्षण है। प्रो. शास्त्री ने अपने दीर्घ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक जीवन में संस्कृत भाषा, साहित्य, अनुसंधान और वैश्विक संस्कृत चेतना को नयी ऊंचाइयां प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि उनका योगदान केवल एक अद्वितीय विद्वान के रूप में ही नहीं, बल्कि संस्कृत शिक्षा के दूरदर्शी मार्गदर्शक एवं संस्थागत विकास के प्रेरणास्रोत के रूप में भी सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
प्रो वरखेड़ी ने कहा कि प्रो. शास्त्री के कुशल नेतृत्व में संस्कृत अध्ययन एवं शोध को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान मिली है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आर.जी. मुरली कृष्ण और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित