पटना , जुलाई 16 -- बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को 16वें वित्त आयोग की अनुशंसा तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण- सह- समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी उप विकास आयुक्त (डीडीसी), जिला पंचायत राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) और संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि गांवों के समग्र विकास के सपने को साकार करने के लिए सभी पदाधिकारियों में ढृढ़ इच्छाशक्ति का भाव होना चाहिए।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत @2047' के संकल्प को साकार करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त, उत्तरदायी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने कहा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन ही सही मायने में ग्रामीण भारत का विकास सुनिश्चित करेगा।
बैठक में मंत्री ने सभी जिलों के डीडीसी और डीपीआरओ की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में विभाग ने 28 हजार करोड़ रुपये के उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) जमा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा, गुणवत्ता नियंत्रण और योजनाओं को जल्द पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित