अररिया , सितम्बर 15 -- बिहार में अररिया के जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में पथ निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग अन्तर्गत जिले की सभी सड़कों के नियमित मेन्टेनेंस एवं आवश्यक मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन के आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं, इसलिए इनके रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान पथ निर्माण विभाग की ओर से संचालित सभी पाँच परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण कराया जाए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने को लेकर भी विशेष दिशा निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित