पटना , नवम्बर 08 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रविवार को मधुबनी जिले में पदस्थापित पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते हुए पटना से गिरफ्तार कर लिया।ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी अरुण कुमार सिंह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज करायी थी कि पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा ने निर्माण कार्यों के बकाया भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, मधुबनी पथ प्रमंडल के तहत मधुबनी-राजनगर- बाबूबरही- खुटौना मार्ग पर 1.2 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस योजना की कुल निर्माण राशि पांच करोड़ 78 लाख 89 हजार तीन रुपये है। इस सड़क का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसके एवज में पूर्व में 50 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

वहीं, स्टेडियम चौक-महाराजगंज चौक-सूड़ी हाई स्कूल भाया स्टेडियम चौक-महाराजगंज चौक मार्ग पर 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य भी चल रहा है। इस योजना का करीब 25 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है और इसके लिए पहले ही एक करोड़ 41 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

दोनों योजनाओं में शेष बकाया राशि करीब छह करोड़ 50 लाख रुपये बतायी गयी है। आरोप है कि कार्यपालक अभियंता ने बकाया राशि का तीन प्रतिशत यानी 19 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे। इसमें तत्काल अग्रिम के तौर पर पांच लाख रुपये देने की मांग की गयी है।

ब्यूरो ने प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी अभियंता द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद मामला दर्ज कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त रितेश चन्द्र सिन्हा को पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित शिव-पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या सी-303 आवास से पांच लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित