हरिद्वार , अक्टूबर 13 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के पथरी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का मंगलवार को खुलासा करते हुए एक विधि विवादित किशोर को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक मोटरसाइकिल वह है, जिसकी चोरी के मामले में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के दो दिन के भीतर कार्रवाई करते हुए पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पुरुषोत्तमनगर निवासी आकाश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर को शाहपुर रामलीला मैदान के पास से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे।
निर्देशों की कड़ी में थाना पथरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 12 अक्टूबर को पुलिस टीम ने गैस गोदाम तिराहे के पास चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक विधि विवादित किशोर को हिरासत में लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित