हरिद्वार , जून 05 -- उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में डूबे व्यक्तियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम ने शुक्रवार को पथरी पावर हाउस के पास नदी से दो शव बरामद किये है।
जानकारी के अनुसार दो जून को सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार से सूचना मिली थी कि पथरी पावर हाउस के निकट किश्ती नहर में एक युवक नहाते समय डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइविंग, लाइन सर्च तथा अन्य संसाधनों की मदद से व्यापक खोज अभियान चलाया। हालांकि उस समय युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इसके बाद टीम द्वारा लगातार क्षेत्र में खोज जारी रखी गई।
एसडीआरएफ बहादराबाद टीम ने आज पुनः सघन तलाश अभियान चलाया। अभियान के दौरान पथरी पावर हाउस के निकट नदी क्षेत्र से दो शव बरामद किए गए। इनमें से एक शव की पहचान उत्कर्ष पुत्र गंभीर सिंह (14), निवासी राजा गार्डन, कनखल के रूप में हुई। उत्कर्ष दो जून को सतनाम साक्षी घाट, प्रेम नगर आश्रम चौक के समीप नहाते समय तेज बहाव में बह गया था और तब से उसकी तलाश की जा रही थी।
दूसरे शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। एसडीआरएफ टीम ने दोनों शवों को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अज्ञात शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित