अलवर , मार्च 02 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के चोपानकी थाना क्षेत्र में सोमवार को तड़के गौ तस्कर और गौ रक्षकों में हुए पथराव से एकयुवक की मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि मृत युवक गौ तस्करों का सहयोगी था। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक भी भिवाड़ी पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी ली।
गौवंश से भरी गाड़ी लेकर गौतस्कर हरियाणा की ओर जा रहे थे। गौरक्षकों को इसकी जानकारी होने पर वे गौतस्करों का पीछा करने लगे। गौतस्करों ने उन्हें पीछा करते देखकर अपने साथियों को बुला लिया। सारे कला गांव में दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। इस पथराव में एक गौतस्कर का सहयोगी घायल हो गया। उधर भिवाड़ी के पुलिस उपाधीक्षक कैलाश चौधरी ने बताया कि सुबह पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक गौवंश से भरी गाड़ी को कला गांव में रोका हुआ है। उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पिकअप सहित दो गाड़ियां थी। पिकअप और कैंपर में कुछ लोग थे जो गौतस्करों के सहयोग के लिए आए थे। मौके के पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। गौ तस्कर वहां से फरार हो गये थे। पुलिस के आने से पहले ही वहां दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां से एक गाड़ी से पांच गौवंश बरामद किये गये, जबकि गौ तस्कर अंधेरा का फायदा उठाकर भाग गये। मृतक युवक पिकअप में सवार था जो गौ रक्षों पर पथराव कर रहा था, जिस पिकअप में यह युवक सवार था उसमें भारी मात्रा में पत्थर भरे हुए थे,जिनको पुलिस ने वाहन सहित जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि इस पत्थरबाजी में हरियाणा के पल्ला (उटावड़ ) गांव निवासी अमीर (28 ) गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे भिवाड़ी के जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी यह मृतक युवक गौ तस्करों के समर्थन में आया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित