जयपुर , अगस्त 25 -- उत्कृष्ट हिंदी कार्य के लिए पत्र सूचना कार्यालय जयपुर को 'वैजयंती राजभाषा शील्ड' से सम्मानित किया गया हैं।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) जयपुर की छमाही समीक्षा बैठक में पत्र सूचना कार्यालय जयपुर को शासकीय कार्यों में हिंदी भाषा के उत्कृष्ट और सराहनीय क्रियान्वयन के लिए नराकास द्वारा प्रतिष्ठित वैजयंती राजभाषा शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष श्री शर्मा की मौजूदगी में आयोजित समारोह में पत्र सूचना कार्यालय जयपुर की ओर से सहायक निदेशक अमित कनौजिया ने यह सम्मान प्राप्त किया। कार्यालय को यह पुरस्कार प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने और इसकी संवैधानिक प्रतिबद्धताओं को सफलतापूर्वक निभाने के लिए दिया गया है।
इस अवसर पर राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) जयपुर के प्रदर्शनी सहायक अभिषेक सहाय को द्वितीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। श्री सहाय को दो हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में श्री शर्मा ने सभी सदस्य कार्यालयों को सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को और अधिक सरल, सहज तथा सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित