नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- निष्पक्ष, स्वतंत्र और प्रगतिशील पत्रकारिता के लिए गांधी शांति प्रतिष्ठान की सम्मान चयन समिति ने वर्ष 2024 के लिए वरिष्ठ पत्रकार-टीवी समाचार एंकर ह्दयेश जोशी तथा वर्ष 2025 के लिए श्री श्याम मीरा सिंह को कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 24 अक्टूबर को गांधी पीस फाउंडेशन (गांधी शांति प्रतिष्ठान) में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान समिति के अध्यक्ष आशीष नंदी ने शुक्रवार को गांधी शांति प्रतिष्ठान की प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए कहा, ''गांधी शांति प्रतिष्ठान को यह घोषित करते हुए गौरव का अनुभव हो रहा है कि कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान के छठवें तथा सातवें वर्ष के लिए हमारी सम्मान चयन समिति ने वर्ष 2024 के लिए वरिष्ठ पत्रकार-टीवी समाचार एंकर ह्दयेश जोशी तथा वर्ष 2025 के लिए श्री श्याम मीरा सिंह को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।''इस पुरस्कार की स्थापना 2017 में गांधी शांति प्रतिष्ठान और मशहूर पत्रकार कुलदीप नैयर द्वारा संयुक्त रूप से की गई थी। यह पुरस्कार हर साल भारतीय भाषाओं की पत्रकारिता में उत्कृष्ट और स्वतंत्र योगदान देने वाले पत्रकारों को प्रदान किया जाता है।

पहला कुलदीप नैयर पत्रकारिता पुरस्कार वर्ष 2017 में प्रसिद्ध पत्रकार रवीश कुमार को प्रदान किया गया था, जबकि पांचवां पुरस्कार वर्ष 2024 में वरिष्ठ पत्रकार उर्मीलेश को प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के तहत एक लाख रुपये की राशि, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह दिया जाता है।

पुरस्कार चयन समिति में कुमार प्रशांत, नीरजा चौधरी, ओम थानवी, विजय प्रताप, संजय पारीख, जयशंकर गुप्त, प्रियदर्शन सहित 10 लोग हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित