जगदलपुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में पत्रकारों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज किये जाने के मामलों के विरोध में सोमवार को बस्तर जिला पत्रकार संघ के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने के माध्यम से पत्रकारों ने राज्य में लागू पत्रकार सुरक्षा कानून के कड़ाई से पालन की मांग की।
धरना स्थल पर उपस्थित पत्रकारों ने कहा, "पत्रकार सुरक्षा कानून के तहत किसी भी पत्रकार के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकती। कानून के अनुसार पहले डीएसपी स्तर के अधिकारी द्वारा मामले की जांच की जानी आवश्यक है लेकिन कई मामलों में इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।"पत्रकारों ने कहा, "छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून वर्ष 2023 से लागू है तथा इसका विधिवत नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है। इसके बावजूद कानून के प्रावधानों का पालन नहीं होने से पत्रकारों में असंतोष है।"बस्तर जिला पत्रकार संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि पत्रकार सुरक्षा कानून के सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा की प्रभावी गारंटी दी जाए।
धरने में शामिल पत्रकारों ने कानून के उल्लंघन के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई करते समय निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता का वातावरण बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित