देहरादून , अगस्त 02 -- उत्तराखंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रान्त प्रचार प्रमुख संजय जी ने रविवार को कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य ही सामाजिक चेतना, जन जागरुकता और देश का विकास होता है।

वह देहरादून स्थित विश्व संवाद केन्द्र के नारायण मुनि भवन में स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एसयूडब्ल्यूजे) की जिला इकाई के शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।

श्री संजय ने कहा कि भारत में पहला समाचार पत्र अंग्रेजी भाषा में कलकत्ता से 29 जनवरी 1780 को प्रकाशित हुआ। जिसमें तत्कालीन ईस्ट इण्डिया कम्पनी की आलोचनात्मक समाचार प्रकाशित होते थे। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय भाषा के पहले समाचार-पत्र की बात करें, तो समाचार दर्पण (बांग्ला) का प्रकाशन 23 मई 1818 से प्रारंभ हुआ। वहीं हिन्दी का पहला समाचार-पत्र उदन्त मार्तण्ड 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा कलकत्ता से प्रकाशित किया गया। इन सभी का उद्देश्य देश को विदेशी हुकुमत से मुक्ति दिलाने के लिए जागरूकता लाना था।

प्रान्त प्रचार प्रमुख ने कहा कि स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट ने आज अपनी देहरादून इकाई के पदाधिकारियों को जो शपथ दिलाई वह भी इसी भावना की ओर इंगित करता है कि देश के सर्वांगीण विकास और निर्माण में बिना किसी भेदभाव के कार्य किया जाय। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के उद्देश्यों को कायम रखना सामाजिक हित के लिए एक महत्वपूर्ण कारक है।

इस दौरान, एसयूडब्ल्यूजे की देहरादून इकाई के जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश भट्ट और महामंत्री पंकज भार्गव के अलावा अन्य पदाधिकारियों सतीश कुमार पुण्डीर, पीताम्बर कुमार, उमाशंकर कुकरेती, नीता शर्मा, लक्ष्मी बहुगुणा, विधि सलाहकार मनु सब्बरवाल को उनके पद और गोपनीयता की शपथ प्रदेश अध्यक्ष शंकर दत्त शर्मा ने दिलाई। अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षिका, पत्रकार संतोष आनन्द ने और संचालन इंजीनियर पवन रावत ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित