हरिद्वार , अप्रैल 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिला में कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लाहडपुर में आत्महत्या का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश आखिरकार नाकाम साबित हुई।

हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और गहन जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतक की पत्नी और नाबालिग पुत्री की संलिप्तता सामने आई है। जिसका खुलासा शनिवार को पुलिस ने कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो अप्रैल को पूजा नामक महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया, जहां परिस्थितियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू की।

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के भाई राजू ने तहरीर देकर पत्नी, पुत्री और एक अन्य युवक पर हत्या का आरोप लगाया। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया। पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान मृतक के पुत्र ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की हत्या की है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी और किशोरी ने बताया कि मृतक को उनके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते वह अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर दोनों ने हत्या की योजना बनाई। घटना वाले दिन मृतक को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई, इसके बाद दुपट्टों से हाथ-पैर बांधकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गयी।

हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाला गया और कमरे को बंद कर दिया गया। अगली सुबह आरोपी महिला ने पुलिस को झूठी कहानी सुनाई, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित