छिंदवाड़ा , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के न्यूटन के वार्ड-4 में घरेलू विवाद के दौरान फौजी दामाद ने ससुर के सिर पर मोटी लकड़ी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ससुर बीडी बरखाने को छिंदवाड़ा से नागपुर रेफर किया गया था, जहां निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी दामाद संतराम सोनकर को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार बीडी बरखाने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और न्यूटन नगरपालिका कार्यालय के पीछे रहते थे। उनकी बेटी प्रीती का विवाह मेघासिवनी-चारगांव निवासी संतराम सोनकर से हुआ है। संतराम पूर्व में सेना में जवान रह चुका है और सेवानिवृत्ति के बाद किसी एजेंसी के माध्यम से उधमपुर में काम कर रहा था। वह करीब चार दिन पहले ही ड्यूटी से न्यूटन आया था।
बताया गया है कि रविवार दोपहर संतराम और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में शांत हो गया। शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान बीडी बरखाने अपनी पत्नी के साथ बेटी और दामाद के घर विवाद शांत कराने पहुंचे।
विवाद के दौरान संतराम ने गुस्से में मोटी लकड़ी उठाकर ससुर बीडी बरखाने के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी पर भी आरोपी ने डंडे से वार किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी ले गई। गंभीर रूप से घायल बीडी बरखाने को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें छिंदवाड़ा से नागपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक का छिंदवाड़ा में पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार शाम शव न्यूटन लाया गया। अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।
परिजनों के अनुसार संतराम और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी वजह से उसने अपने मूल गांव से अलग न्यूटन में रहना शुरू किया था। घटना से पहले भी पत्नी किसी परिचित शिक्षिका के घर जाने की बात कहकर निकली थी। वह पड़ोस के परिवार के साथ बैठकर बातचीत कर रही थी, तभी संतराम वहां पहुंच गया। पत्नी के वहां बैठने को लेकर सवाल-जवाब के बाद विवाद शुरू होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित