चमोली , अक्तूबर 18 -- उत्तराखंड के चमोली जिला में फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाली महिला के पति को गोपेश्वर कोतवाली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पिछले माह 23 सितंबर की रात्रि थाना गोपेश्वर क्षेत्रान्तर्गत एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में वादिनी ने थाना गोपेश्वर पर आकर तहरीर दी गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि अभियुक्त विक्रम लाल पुत्र सज्जन लाल, निवासी क्यार्की देवलधार ने 23 सितंबर की रात्रि अपनी पत्नी के साथ मारपीट की तथा आत्महत्या के लिए उकसाया गया। परिणाम स्वरूप उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस तहरीर के आधार पर धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी को संबंधित पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिसने आज अभियुक्त को पठियालधार पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार किया है। तत्पश्चात उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित