बैतूल , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पत्नी के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज 73 वर्षीय व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से वार कर नौकर की हत्या कर दी। बैतूल बाजार पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सरण्डई निवासी तुलसीराम परते ने 13 सितंबर को सूचना दी थी कि उनके सास-ससुर के घर पर काम करने वाला नौकर नेहरू उईके पोला पर्व के दिन से लापता है। तलाश के दौरान नेहरू का शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर करेले की बेल के पास मिला।
मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार से चोट लगने के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दुर्गम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। 15 सितंबर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, जिला वैज्ञानिक अधिकारी ऋषिकेश यादव और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम सरण्डई निवासी मुंदू मर्सकोले (73) से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पोला पर्व के दिन नेहरू शराब के नशे में उसकी पत्नी के बारे में कथित आपत्तिजनक बातें कर रहा था। इससे गुस्से में उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से नेहरू के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी उसके घर से जब्त की। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित