बैतूल , जून 22 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सांईखेड़ा थाना क्षेत्र में पत्नी को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ग्राम धाबला निवासी श्यामा पिता किसना देवरे (45) ने थाना सांईखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून की रात लगभग साढ़े आठ बजे आरोपी लालू धुर्वे ने अपनी पत्नी के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से नाराज होकर आनंदराव बारस्कर पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पीछे से गर्दन और पीठ पर लोहे के चाकू से वार किए, जिससे आनंदराव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे काफी रक्तस्राव हुआ।
रिपोर्ट के आधार पर थाना सांईखेड़ा में अपराध क्रमांक 92/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी लालू धुर्वे को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को आज अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भैयालाल उईके सहित प्रधान आरक्षक विनय जायसवाल, दिलीप झरबड़े, राजकुमार धुर्वे, देवेन्द्र ठाकुर, आरक्षक बबलू धुर्वे, विनोद साहू तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद या पारिवारिक तनाव की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता प्राप्त करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित