फिरोजाबाद , अप्रैल 10 -- फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में गुरुवार रात पत्नी की हत्या के आरोप में जेल से जमानत पर आए आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि जसराना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में शुक्रवार सुबह खेत में पेड़ पर हरेंद्र का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक हरेंद्र (35) ने 23 जून 2023 को अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। जिसके आरोप में वह जेल में निरुद्ध था और पिछली नौ मार्च को जमानत पर आया था। मानसिक तनाव के कारण हरेंद्र ने पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
दूसरी ओर,मृतक के परिजनों ने उसके ससुराली जनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित