भिण्ड , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के चंबल बीहड़ में बीती रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मारकर मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नितेश जाटव (25) निवासी खिरिका के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी रूबी के साथ भिण्ड से खरीददारी कर गांव लौट रहा था। रमता गांव के पास बीहड़ क्षेत्र में बाइक पर रखा सामान गिरने पर उसने वाहन रोका और पत्नी के साथ सामान उठाने लगा। इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पत्नी के सामने हुई, जिससे वह सदमे में है।

सूचना मिलने पर अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिण्ड भेजा गया है, जहां आज परीक्षण के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। सुनसान बीहड़ क्षेत्र में वारदात को अंजाम दिए जाने से आरोपियों की पूर्व योजना की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आपसी रंजिश सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश जारी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित