कोरबा , मई 05 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक मंगलवार सुबह करीब 150 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस की समझाइश और पत्नी के मान जाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम करमंदी का है। जहां 34 वर्षीय मुकेश सांडे नशे का आदी है और आए दिन उसका पत्नी से विवाद होता रहता था। रोजाना के झगड़ों से परेशान होकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी। युवक ने पत्नी को वापस लाने की काफी कोशिश की लेकिन जब वह नहीं मानी तो वह नाराज होकर गांव स्थित करीब 150 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया।

युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे तक समझाइश का प्रयास किया। बाद में पत्नी के मान जाने और बातचीत के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि इस घटना के बाद उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है स्थिति सामान्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित