भिवानी , जुलाई 2 -- हरियाणा के भिवानी जिले में कार और बाइक की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों में एक की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वह अपनी पत्नी के जन्मदिन के लिए चचेरे भाई के साथ केक लेने गया था। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान भिवानी के गांव लेघां निवासी 22 वर्षीय विकास और 20 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है। दोनों गुरुवार को गांव लेघां हेतवान से जुई कस्बे में केक लेने गए थे और वापस लौट रहे थे।
मृतक विकास के चाचा शमशेर ने बताया कि विकास की शादी 28 दिसंबर 2025 को हुई थी। गुरुवार को उसकी पत्नी का जन्मदिन था, जिसके लिए वह अपने चचेरे भाई आशीष के साथ केक लेने गया था। दोनों सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। विकास विवाहित था, जबकि आशीष अविवाहित था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित