फिरोजाबाद , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में जसराना थाना क्षेत्र में विवाहिता की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में फरार पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, जसराना क्षेत्र के मस्तपुर अकबरपुर गांव निवासी भुवनेश कुमार की पत्नी सुशीला देवी की दो अक्टूबर को गोली लगने से हत्या हो गई थी। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने सोमवार रात आरोपी भुवनेश कुमार को मुस्तफाबाद रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित