फर्रुखाबाद , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और सास घायल हो गईं। युवक अपनी पत्नी का पहला करवा चौथ मनाने के लिए घर लौट रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एटा जिले के धुमरी थाना क्षेत्र के रूपधनी गांव निवासी गौरव (20) कुछ दिन पहले अपनी ससुराल कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के बहोरा गांव गया था। करीब पांच-छह महीने पहले उसकी शादी काजल से हुई थी। वहां से वह अपनी पत्नी और सास अर्चना उर्फ नन्ही के साथ फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र स्थित रमापुर जसू गांव में पत्नी की ननिहाल पहुंचा था।

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को गौरव अपनी पत्नी और सास के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। दोपहर बाद कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के पपड़ी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घायलों को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी और सास को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ स्थित जिला अस्पताल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित