मुरैना , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के मुरैना शहर स्थित एक निजी स्कूल से तीन वर्षीय बालक के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा है कि इस घटना की साजिश स्वयं बच्चे के पिता ने रची थी। पुलिस बच्चे की बरामदगी के लिए राजस्थान रवाना हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गायत्री कॉलोनी स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल से मंगलवार को तीन वर्षीय कार्तिकेय उर्फ चीकू के कथित अपहरण की घटना सामने आई थी। जांच के दौरान स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनमें बच्चे को ले जाने वाले युवक की पहचान नीरज नामक चालक, निवासी पाली (राजस्थान) के रूप में हुई। बच्चे की मां ने भी उसकी पहचान की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित अपहरण की पूरी साजिश बच्चे के पिता नीलेश, निवासी हेमावास, जिला पाली (राजस्थान) ने रची थी। पुलिस के अनुसार पिता ने अपने चालक के माध्यम से बच्चे को स्कूल से ले जाने की योजना बनाई थी। जांच के दौरान बच्चे की लोकेशन राजस्थान के पाली जिले में मिलने पर मुरैना पुलिस की एक टीम उसे सुरक्षित बरामद करने के लिए रवाना की गई है।

पुलिस ने बताया कि बच्चे के माता-पिता के बीच पिछले करीब छह माह से पारिवारिक विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। बच्चा अपनी मां के साथ मुरैना स्थित मायके में रह रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार पिता बच्चे को अपने साथ रखने के उद्देश्य से उसे ले गया।

पुलिस के अनुसार इससे पहले भी पिता बच्चे को अपने साथ ले गया था, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच समझौता होने के कारण उस समय कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित