गाजियाबाद , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे खोड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि किराए के मकान में रहने वाले अंशुल नामक युवक को गोली लगी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान युवक की पीठ के बाईं ओर गोली लगने की बात सामने आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ तथा जांच के दौरान पुलिस के सामने हत्या की साजिश से जुड़ी बातें सामने आईं।
जांच में मृतक अंशुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का रहने वाला था। उसकी शादी वर्ष 2015 में निशा से हुई थी। दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से खोड़ा क्षेत्र में रह रहे थे। उनके साथ उनका बहनोई पप्पू पिछले तीन महीने से रह रहा था। पप्पू पिछले करीब दो वर्षों से निशा के संपर्क में था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
जांच में सामने आया कि निशा ने अपने प्रेमी पप्पू के साथ मिलकर पति अंशुल की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद कथित साजिश के तहत पप्पू ने अंशुल को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
खोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया और वारदात में शामिल आरोपी पप्पू तथा आरोपी निशा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध देसी तमंचा .315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित