दरभंगा , सितंबर 29 -- बिहार के दरभंगा में सिविल कोर्ट के अपर सत्र न्यायाधीश भूपेंद्र सिंह की अदालत ने पति की हत्या के मामले में दोषी पत्नी को आजीवन सश्रम कारावास और कुल एक लाख 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।अपर लोक अभियोजक चमक लाल पंडित ने बताया कि लहेरियासराय थाना कांड संख्या 466/2022 से संबंधित सत्र वाद संख्या 60/2023 में लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज निवासी अरविंद कुमार महतो की हत्या के आरोप में पत्नी अनुप्रिया चौधरी को आजीवन सश्रम कारावास और एक लाख पच्चीस हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गयी है।

श्री पंडित ने बताया कि 15-16 सितंबर 2022 की रात अनुप्रिया ने अपने पति अरविंद कुमार महतो को हॉर्लिक्स में सलफास मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने शव को बोरे में बंद कर बाकरगंज सड़क पर फेंक दिया।

मृतक की बहन अलका भारती ने लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने रेज हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान अनुप्रिया को बोरे में शव ले जाते हुए पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। वह 16 सितंबर 2022 से न्यायिक हिरासत में है।

अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड तथा अर्थदंड नहीं देने पर छह माह के अतिरिक्त कारावास, धारा 328 के तहत पांच वर्ष के कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड तथा अर्थदंड नहीं देने पर छह माह के अतिरिक्त कारावास एवं धारा 201 के तहत तीन वर्ष के कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित