ग्वालियर , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पति की शराब छुड़ाने का झांसा देकर एक महिला को नशीला पदार्थ मिला प्रसाद खिलाकर दुष्कर्म करने और बाद में धमकी देकर उसका शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के लधेड़ी इलाके का है।
पुलिस के अनुसार महिला करीब एक वर्ष पहले पति की शराब छुड़ाने के लिए तलवार वाले हनुमान मंदिर गई थी। वहां उसकी मुलाकात कमल राठौर उर्फ पटेल से हुई। महिला ने बताया कि वह आरोपी से पति की शराब छुड़ाने के लिए कई बार भभूत लेती थी। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई और आरोपी उसके घर आने-जाने लगा।
महिला का आरोप है कि अक्टूबर 2025 में आरोपी दोपहर करीब तीन से चार बजे उसके घर लड्डू का प्रसाद लेकर आया। प्रसाद खाने के बाद वह बेसुध हो गई और आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने घटना किसी को बताने पर उसे बदनाम करने तथा उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।
महिला के अनुसार आरोपी धमकी देकर लगातार उसका शोषण करता रहा। उसने आखिरी बार आठ अगस्त 2026 को दोपहर में उसके साथ दुष्कर्म किया। धमकियों और बदनामी के डर से महिला ने लंबे समय तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।
पुलिस के मुताबिक छह सितंबर को महिला ने हिम्मत कर अपनी सहेलियों और पति को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कमल राठौर उर्फ पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित