पटना , अप्रैल 29 -- विभिन्न समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया पर चल रही खबर "पढ़ाई छोड़ बच्चों से करवाई जा रही मजदूरी, सरकारी स्कूल के छात्रों का वीडियो वायरल" मामले का संज्ञान लेते मुजफ्फरपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक से इस मामले की जानकारी मांगी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को बताया कि इस खबर में कोई भी तथ्य सही नहीं है।
प्रधानाध्यापक ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को बताया कि उच्च विद्यालय, सोनबरसा शाह के नए निर्मित भवन में विद्यालय स्थानांतरित किया जा रहा थाl इसी क्रम में पूराने भवन से बेंच और डेस्क उठाकर नए भवन में स्थानांतरित किया जा रहा थाl विद्यालय की छुट्टी के बाद यह कार्य किया जा रहा थाl इसी क्रम में विद्यालय के कुछ बच्चों द्वारा खेल-खेल में बेंच और डेस्क को उठाकर अंदर रखने की कार्रवाई की गईl इसकी जानकारी ना तो प्रधानाध्यापक को है और न ही अन्य किसी शिक्षक को है।
स्कूल के प्रधानाध्यापक के अनुसार किसी शरारती तत्व के द्वारा बेंच और डेस्क ढोने और बच्चों से काम लिए जाने का वीडियो बनाकर सनसनीखेज समाचार बनाने का प्रयास किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित