भिण्ड , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के आलमपुर में पढ़ाई करते समय 15 वर्षीय छात्रा उर्वागी दुबे की अचानक मौत हो गई। तालगांव निवासी विनय कुमार दुबे की पुत्री उर्वागी की मौत का कारण साइलेंट अटैक माना जा रहा है।

घटना के समय उर्वागी के पिता विनय कुमार दुबे स्कूल गए हुए थे, जबकि उसकी मां बगल के कमरे में टीवी देख रही थीं और छोटे भाई-बहन बाहर खेल रहे थे। स्कूल से लौटने के बाद पिता ने उर्वागी को कई बार आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद जब वे उसे देखने कमरे में पहुंचे तो वह बिस्तर पर बेहोश पड़ी मिली। परिजन उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने साइलेंट अटैक की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार उर्वागी पढ़ाई में काफी होशियार थी। उसने हाल ही में कक्षा दसवीं का अंतिम पेपर दिया था और उसे उम्मीद थी कि उसे 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिलेंगे। परीक्षा अच्छी होने के कारण वह काफी खुश भी थी। उर्वागी के पिता विनय कुमार दुबे अरूसी हाईस्कूल में पदस्थ हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित