चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने पठानकोट जिले के धार कलां थाने में तैनात थाना प्रभारी निरीक्षक गुलशन कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने एक मामले में शिकायतकर्ता का नाम हटाने के लिए कथित तौर पर पांच लाख रुपये मांगे थे, लेकिन बाद में ढाई लाख रुपये किस्तों में लेने पर सहमति बनी थी।

सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ अमृतसर के एक सेवानिवृत्त भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) प्रबंधक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, पठानकोट जिले के ढांगू सारा गांव स्थित उसके छोटे भाई के 'मधुबन' रेस्तरां में झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को मामूली चोटें आई थीं। इस मामले में धार कलां थाने में रेस्तरां कर्मचारी कृष्णा और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता का नाम भी संदिग्ध के रूप में शामिल था।

प्रवक्ता के अनुसार, थाना प्रभारी ने शिकायतकर्ता का नाम मामले से हटाने के लिए पांच लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के आग्रह पर राशि घटाकर ढाई लाख रुपये तय की गई, जिसकी पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये दिए जाने थे। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित