भरतपुर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में सफारी के लिए आये बॉलीवुड अभिनेता इब्राहिम खान पटौदी और अभिनेत्री पलक तिवारी की एक झलक पाने के लिए शुक्रवार को उनके प्रसंशकों में होड़ मच गयी।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि सुबह सफारी के लिए जोन नंबर-5 में पटौदी ने रणथंभौर के जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लिया और वह काफी उत्साहित नजर आए। जंगल की हरियाली और प्राकृतिक वातावरण ने दोनों का ध्यान आकर्षित किया। सफारी के दौरान पलक ने गाइड से भालू देखने की इच्छा जताई। उनकी यह फरमाइश भी पूरी हो गयी और जंगल में भालू दिखाई दिया। दोनों को करीब 20 मिनट तक भालू के दीदार हुए।
पटौदी परिवार का रणथंभौर से पुराना जुड़ाव रहा है। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम खान पटौदी गुरुवार शाम रणथंभौर पहुंचे। उनके साथ श्वेता तिवारी की बेटी अभिनेत्री पलक तिवारी भी मौजूद थीं। दोनों यहां होटल बृजतारा में ठहरे हुए हैं। सुबह इब्राहिम और पलक ने रणथंभौर के जोन नंबर-5 में सफारी की। इस दौरान दोनों ने रणथंभौर के जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लिया।
वर्ष 2019 में भी पटौदी परिवार रणथंभौर आया था। अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने आठ दिसंबर 2019 को रणथंभौर नेशनल पार्क में अपना 75वां जन्मदिन मनाया था। इस दौरान उनके साथ बेटे सैफ अली खान, करीना कपूर खान, बेटी सोहा अली खान, कुणाल खेमू सहित परिवार के अन्य सदस्य भी रणथंभौर पहुंचे थे। अब करीब सात वर्ष बाद पटौदी परिवार की अगली पीढ़ी एक बार फिर रणथंभौर पहुंची है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित