गांधीनगर , दिसंबर 12 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में गुजरात मीडिया क्लब की ओर से आयोजित 'भारतकूल अध्याय-2' कार्यक्रम का शुक्रवार को शुभारंभ किया।

श्री पटेल ने यहां गुजरात यूनिवर्सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कहा कि राज्य के विकास में मीडिया की भूमिका सहायक की है। सरकार हमेशा नागरिकों की सुख-सुविधा के लिए प्रयत्नशील है, ऐसे में नीतियों में सुधार और लोक कल्याण के लिए उचित आलोचना आवश्यक है, लेकिन उसके पीछे का भाव सकारात्मक होना चाहिए।

उन्होंने 'भारतकूल' के इस दूसरे अध्याय के आयोजन के लिए गुजरात मीडिया क्लब और गुजरात यूनिवर्सिटी को बधाई देते हुए, युवा शक्ति को उनके सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए इस कार्यक्रम को एक उपयुक्त मंच बताया और कहा कि देश को आगे ले जाने और प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवा शक्ति से समय के साथ कदम मिलाते हुए स्वदेशी, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा गुलामी की मानसिकता से मुक्ति जैसे संकल्पों के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ने का अनुरोध किया।

उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुजरात के विकास में 'भाव, राग एवं ताल' को महत्वपूर्ण बताते हुए 'भारतकूल' के कार्यक्रमों में 'भाव, राग और ताल' जैसे अद्भुत विषयों का चुनाव करने के लिए आयोजकों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह से गुजरात के विकास की छलांग की शुरुआत की, उसके पीछे राज्य के विकास का भाव मुख्य था। उनके मतानुसार अपने राज्य के लिए कुछ अच्छा हो तो खुशी होनी चाहिए और कुछ बुरा हो तो दुख होना चाहिए; यही भावना विकास के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि वडनगर में देश का सबसे बड़ा म्यूजिक स्टूडियो बनने जा रहा है और वडोदरा में भी इसी प्रकार की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

बीएपीएस संस्था के संत ब्रह्मविहारी स्वामी ने इस अवसर पर वर्तमान समय में मीडिया के महत्व के बारे में बात करते हुए कहा कि सत्य को उजागर करना मीडिया का धर्म है। इसके लिए लगातार प्रश्न पूछने चाहिए। लेकिन, साथ ही साथ उन्होंने मार्मिक अंदाज में यह इशारा भी किया कि 'स्वयं' से भी प्रश्न पूछते रहना चाहिए। उन्होंने गुजरात से प्रारंभ की गई विकास यात्रा से आगे बढ़कर भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रयासों की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित