पटियाला , जुलाई 07 -- शिवसेना हिंदुस्तान ने 24 जुलाई को पटियाला में प्रस्तावित त्रिशूल मार्च की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता के निवास, दर्शन सिंह नगर (अलीपुर रोड), पटियाला में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी, जिसमें मार्च को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गयी।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की। इस दौरान राष्ट्रीय सलाहकार हेमराज गोयल, कांता बंसल, शमाकांत पांडे, कृष्णा गाबा, हितेश रिंकू, अमरजीत बंटी सहित पंजाब और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से एक विशेष समिति का गठन किया गया, जो त्रिशूल मार्च की तैयारियों की निगरानी करेगी। समिति को पटियाला जिले के विभिन्न हिंदू संगठनों से संपर्क कर उन्हें प्रतिनिधियों सहित मार्च में शामिल होने का निमंत्रण देने की जिम्मेदारी सौंपी गयी।

श्री गुप्ता ने कहा कि त्रिशूल मार्च पंजाब के चुनिंदा नौ जिलों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में शिवसेना हिंदुस्तान के 101 कार्यकर्ता मार्च में शामिल होंगे और साधु-संत हाथों में त्रिशूल लेकर उनका नेतृत्व करेंगे। उन्होंने पंजाब सरकार से हिंदू समाज की 11 सूत्रीय मांगों को स्वीकार करने की मांग की। साथ ही कहा कि जिन मांगों पर केंद्र सरकार को निर्णय लेना है, उनके लिए पंजाब सरकार केंद्र पर दबाव बनाए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार इन मांगों को नहीं मानती है तो शिवसेना हिंदुस्तान केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ भी आंदोलन शुरू करेगी।

श्री गुप्ता ने दावा किया कि संगठन पंजाब के 35 हजार आतंकवाद पीड़ित हिंदुओं को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि पटियाला में त्रिशूल मार्च को सफल बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं की दो समितियां गठित की गयी हैं, जो दिन-रात तैयारियों में जुटी रहेंगी और अधिक से अधिक हिंदू संगठनों को अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित