पटियाला , सितंबर 28 -- पंजाब के पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहित महिंद्रा ने उच्चतम न्यायालय के उस फैसले का स्नेवागत किया है जिसमें पटियाला नगर निगम चुनाव से संबंधित तथ्य-जांच समिति की रिपोर्ट स्वीकार करते हुए उन वार्डों में नये सिरे से चुनाव कराने का निर्देश दिया है, जहां समिति ने हिंसा के कारण चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की बात पायी थी।
श्री महिंद्रा ने कहा कि इससे पटियाला के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का रास्ता मजबूत हुआ है। कांग्रेस ने नामांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के बाद इस मुद्दे को राज्य निर्वाचन आयोग और अदालतों के समक्ष उठाया था।
उन्होंने कहा कि समिति ने बयानों, दस्तावेजों, आधिकारिक वीडियोग्राफी और सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट अदालत को सौंपी है। उन्होंने कहा कि नये चुनाव के निर्देश से आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया का रास्ता साफ हुआ है। यह मामला किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी के अधिकार से जुड़ा है।
उन्होंने पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा का भी मामले को अदालत में उठाने के लिए आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित