कौशांबी , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मनौरी कस्बे में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को मुख्य अभियुक्त नौशाद की पत्नी के गोदाम पर छापा मारकर छह बोरी पटाखे बरामद किये।
सूत्रों के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में नौशाद की पत्नी कहकशा बानो भी अभियुक्त है और वह फरार चल रही है।
मुखबिर की सूचना पर एसडीएम और संदीपनघाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को मूरतगंज बाजार में भरवारी रोड स्थित कहकशा बानो के नाम से संचालित पटाखा भंडारण स्थल के दो कमरों में छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से छह बोरी पटाखे बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
अधिकारियों के निर्देश पर बरामद पटाखों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए गड्ढा खोदकर उसमें दबा दिया गया। पुलिस फरार अभियुक्त कहकशा बानो की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित