कौशांबी , सितंबर 05 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त को हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में 14 लोगों की मृत्यु के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील अहमद को एसओजी और पिपरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात सशस्त्र मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शकील इस मामले में वांछित छठा और आखिरी आरोपी था। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का आरोपी शकील अहमद बाइक से जा रहा है। सूचना के आधार पर एसओजी और पिपरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसका पीछा किया।
पुलिस के अनुसार पीछा किए जाने के दौरान शकील बाइक से गिर गया और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली शकील के दाहिने पैर में लगी। गोली लगने से घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित