भिण्ड , मई 20 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र में ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को छह हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार तुकेंडा हल्का के पटवारी हिमांशु तोमर ने जमीन सीमांकन के एवज में फरियादी रामवीर सिंह चौहान से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया और कार्रवाई की योजना बनाई।

आज फरियादी ने मालनपुर क्षेत्र में कैडबरी फैक्ट्री के समीप आरोपी पटवारी को छह हजार रुपये की रिश्वत राशि सौंपी। इसी दौरान पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार पटवारी ने प्रारंभ में 10 हजार रुपये की मांग की थी, बाद में आठ हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। आज पहली किस्त के रूप में छह हजार रुपये दिए जा रहे थे। डीएसपी लोकायुक्त विनोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित