बैतूल , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पटवारियों की सेवा समाप्ति, निलंबन और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों के विरोध में बुधवार को मध्यप्रदेश पटवारी संघ की जिला इकाई ने प्रदर्शन किया। पटवारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सभी दंडात्मक आदेश तत्काल वापस लेने की मांग की।

पटवारी संघ के अनुसार देवास जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 सहित अन्य कार्यों को आधार बनाकर पटवारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी निलंबन और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। संघ का कहना है कि इन कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही कानूनी और व्यावहारिक कठिनाइयों से शासन-प्रशासन को पहले ही अवगत कराया जा चुका था।

संघ के अनुसार प्रदेश संगठन के निर्णय के तहत 07 अक्टूबर से राज्य के सभी पटवारी ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत रहेंगे। इसके साथ ही पटवारी सरकारी ऑनलाइन व्हाट्सएप समूहों से भी बाहर हो गए हैं। संघ ने कहा कि निलंबित पटवारियों की बहाली और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयां वापस लिए जाने तक विरोध जारी रहेगा।

पटवारियों के ऑनलाइन कार्यों से दूरी बनाने के कारण गिरदावरी, किसानों को दस्तावेजों की नकल उपलब्ध कराने तथा खाद-बीज से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। संघ लंबे समय से पटवारियों को स्वामित्व योजना में निष्पादक की भूमिका से अलग रखने की मांग कर रहा है।

पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश के किसी अन्य जिले में पटवारी के खिलाफ इस प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई की जाती है तो संघ बिना पूर्व सूचना के समस्त राजस्व कार्यों से विरत होने के लिए बाध्य होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित