बैतूल , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पटवारियों की हड़ताल समाप्त करने पर सहमति बनने के बाद स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में अब तक 46 रजिस्ट्रियां पूरी होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में पटवारियों के खिलाफ की गई बर्खास्तगी और निलंबन की कार्रवाई पूरी तरह वापस होने तक नियमित कामकाज सुचारू नहीं होगा।
पटवारियों की हड़ताल के कारण स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री का काम प्रभावित हो रहा था। पटवारियों को आशंका थी कि प्रक्रिया में निष्पादक के रूप में काम करने पर उन्हें भविष्य में कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसी के विरोध में वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे, जिससे राजस्व संबंधी कार्य भी प्रभावित हुए।
स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पटवारी संघ के पदाधिकारियों के बीच चर्चा हुई। संघ के अनुसार, शासन ने पटवारियों को भविष्य की कार्रवाई से संरक्षण देने और पूर्व में की गई कार्रवाई निरस्त करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल समाप्त करने पर सहमति बनी।
जिले में अवकाश के दिन भी ऑनलाइन माध्यम से 46 रजिस्ट्रियां पूरी होने की जानकारी दी गई है। अब तक 1,337 भूखंडों की रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है, जिनमें 49 का पटवारी सत्यापन और 19 प्रकरण जमा किए जा चुके हैं।
पटवारी संघ ने बैतूल के आठ निलंबित पटवारियों सहित प्रदेशभर में संबंधित कार्रवाई के आदेश वापस लेने की मांग की है। संघ का कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही नियमित कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित