अहमदाबाद , सितंबर 27 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को गुजरात में साबरमती स्टेशन से देश की पहली लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह कदम कल्याणकारी सिद्ध होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले पर्यावरण संरक्षण की दिशा में रेलवे की ओर से की जा रही कोशिशों के तहत संचालित हाइड्रोजन ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 जुलाई को हरियाणा के जिंद से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, जो जिंद से सोनीपत के बीच चलती है।
अहमदाबाद रेल मंडल के अनुसार भारतीय रेलवे पहली बार ट्रेन की ड्राइविंग पावर कारों (डीपीसी) में एलएनजी आधारित फ्यूल सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा है। नयी डुअल-फ्यूल टेक्नोलॉजी एक ही इंजन को एलएनजी और डीजल दोनों पर चलाने की सुविधा देती है, जो ईंधन की उपलब्धता पर निर्भर करता है।
रेलवे ने इस ट्रेन में 1400 एचपी की क्षमता वाली दो ड्राइविंग पावर कारों को एलएनजी -डीजल डुअल-फ्यूल प्रणाली में परिवर्तित किया है, जिसका 2000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक परीक्षण किया गया है। इस ट्रेन को चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) ने तैयार किया है।
रेलवे के अनुसार नयी तकनीक से सिर्फ डीजल की खपत कम नहीं होगी, बल्कि पर्यावरण को भी साफ-सुथरा रखने में मदद मिलेगी। यह तकनीक कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर जैसे हानिकारक प्रदूषकों को कम करने में मदद करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित