पटना , जुलाई 19 -- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नीतीश कुमार शनिवार को गर्दनीबाग स्थित शहीद राजेन्द्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना हाई स्कूल) के स्थापना दिवस सह वार्षिक पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह में सम्मिलित हुए।
श्री कुमार ने इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ विद्यालय की स्मारिका का विमोचन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी एवं विद्यालय के गौरव शहीद राजेन्द्र प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्र्यापण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और देश-समाज के निर्माण में पूर्ववर्ती छात्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा के केंद्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा के भी प्रमुख स्रोत हैं।
इस कार्यक्रम में विद्यालय की ऐतिहासिक विरासत, शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान तथा पूर्ववर्ती छात्रों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूर्ववर्ती छात्र संघ द्वारा विद्यालय के विकास एवं गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के संकल्प को भी दोहराया गया।
इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, उप-मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता श्री ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ''गांधीजी'' सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पूर्ववर्ती छात्र, शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित