पटना , अप्रैल 27 -- िहार के गौरवशाली ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत वाले वैशाली जिले में ग्रामीण संपर्कता को सुदृढ़ करने के लिये ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से नाबार्ड के अंतर्गत विकास कार्य किए जा रहे हैं।

भगवान महावीर की जन्मस्थली और भगवान बुद्ध से जुड़ी महत्वपूर्ण स्थली होने के कारण वैशाली राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान रखता है। इस परिप्रेक्ष्य में सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिले में ग्रामीण सड़कों एवं पुलों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण किया गया है। इस दिशा में वैशाली जिले में नाबार्ड योजना के तहत 99 किमी ग्रामीण सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। वहीं अब तक 95 किमी सड़कों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है।

इन सड़कों ने ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ते हुए यातायात को अधिक सुगम, सुरक्षित और निर्बाध बनाया है। इसके साथ-साथ संपर्कता को और सुदृढ़ करने के लिए नदियों एवं जलधाराओं पर पुल निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है। इस योजना के अंतर्गत स्वीकृत 30 पुलों में से 19 पुलों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है, जिससे आवागमन में आने वाली बाधाएँ काफी हद तक समाप्त हो गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित