पटना , फरवरी 26 -- बिहार के वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रमोद कुमार ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश को पर्यटन का हब बनाने के क्रम में सरकार 'पायलट प्रोजेक्ट' के रूप में पटना से गया के रास्ते डोभी तक 'ग्रीन कॉरिडोर' का विकास करेगी।

मंत्री श्री कुमार ने विधायक नीतीश मिश्रा, मंजीत सिंह और अन्य विधायकों के ध्यानाकर्षण का जवाब देते हुए कहा कि विभिन्न प्रकार के नियमों और रेगुलेशन से स्वीकृति मिलने में देरी के चलते पर्यटन से जुड़ी कुछ योजनाओं की प्रगति धीमी है, लेकिन सरकार उसके शीघ्र समाधान की कोशिश कर रही है।

मंत्री ने कहा कि बक्सर में महर्षि विश्वामित्र पार्क का निर्माण होना है और इसके लिए 24 करोड़ 42 लाख की राशि स्वीकृत है।उन्होंने कहा कि गुप्ता धाम तुतला भवानी, रोहतास के लिए 14 करोड़ 09 लाख, तथा 11 करोड़ 08 लाख की राशि स्वीकृत है और वन तथा पर्यावरण एवं वाइल्ड लाइफ नियमों के तहत स्वीकृति का इंतेजार है। उन्होंने कहा कि करमचंद, 'इको टूरिज्म' रोहतास के विकास के लिए 49 करोड़ 73 लाख स्वीकृत किये गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित