पटना , मई 14 -- गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 14 मई को पटना समेत राज्य के छह जिले किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया तथा कटिहार में माकड्रिल का आयोजन किया गया।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के निर्देश के आलोक में आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिये विभिन्न एजेंसियों के समन्वित अभ्यास का आयोजन किया गया। यह मॉकड्रिल शाम 07:00 से 07:15 के बीच पूर्ण ब्लैकआउट के साथ सम्पन्न हुआ।मॉकड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा निदेशालय के महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना पटना कंट्रोल रूम से निरंतर स्थिति का जायजा लेते रहे।

आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देशानुसार विभाग के संयुक्त सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से उक्त छह जिलों में आयोजित किए जा रहे माकड्रिल की निरंतर निगरानी की तथा संबंधित जिला के जिला पदाधिकारियों से विडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

जिला प्रशासन, पटना से प्राप्त जानकारी के अनुसार मॉकड्रिल का आयोजन समाहरणालय मुख्य भवन कार्यालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड तथा आईजीआईएमएस परिसर में किया गया। किशनगंज जिले में समाहरणालय, बस स्टैंड एवं गांधी चौक पर मॉकड्रिल आयोजित की गई। बेगूसराय जिले से प्राप्त सूचना के अनुसार सदर अस्पताल, जिला परिषद मार्केट, इंजीनियरिंग कॉलेज, ओओसीएल बरौनी, एनटीपीसी बरौनी एवं एचयूआरएल , बरौनी में अभ्यास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित