पटना , मई 13 -- गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 14 मई को पटना समेत राज्य के छह जिले किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया तथा कटिहार में माकड्रिल का आयोजन होगा, जिसमे हवाई हमले तथा ब्लैकआउट की स्थति में उत्पन्न हालत से नागरिकों को अवगत कराया जायेगा।

राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय माकड्रिल के सफल आयोजन के लिये नोडल एजेंसी है। माकड्रिल के सफल आयोजन के लिए बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग में विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल तथा महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा निदेशालय डॉ. परेश सक्सेना की अध्यक्षता में संबंधित जिलों के आपदा पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज़ का आयोजन किया गया। विभाग के संयुक्त सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से माकड्रिल के छह बिंदुओं के बारे में क्रमवार रूप से बताया।

विभाग के प्रधान सचिव श्री मल्ल ने कहा कि किसी भी तरह की संभावित आपदा से बचाव एवं सुरक्षा के लिए नियमित माकड्रिल का होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि माकड्रिल के माध्यम से आमजन में आपदा प्रबंधन संबंधी जागरूकता के प्रसार होता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 14 मई की शाम 07:00 बजे से 07:15 के बीच होने वाले ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं, ब्लैकआउट के दौरान अपार्टमेंट्स में जनरेटर न चलाकर, मोबाइल स्क्रीन, टॉर्च या अन्य किसी प्रकाश स्त्रोत का इस्तेमाल ना कर पूर्ण ब्लैक आउट में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित