पटना , अप्रैल 30 -- केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार मई के तीसरे सप्ताह में पटना समेत राज्य के छह जिलों में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट संबंधी माकड्रिल का आयोजन होगा।

राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय को माकड्रिल के सफल आयोजन के लिए नोडल एजेंसी नामित किया गया है। माकड्रिल की तैयारी को लेकर गुरुवार को आपदा प्रबंधन विभाग के सभागार में संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।

आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में कहा कि नागरिक सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार वर्ष में कम से कम दो बार अर्द्धवार्षिक माकड्रिल का आयोजन किया जाना है। पिछले अभ्यास में पटना समेत दूसरे कई जिलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन पाया गया था। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि और समय पर एक साथ सायरन बजेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित