पटना , अप्रैल 18 -- भारत की प्रसिद्ध समकालीन महिला कलाकार सुरजीत अकरे की चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन पटना संग्रहालय की कला दीर्चा में शनिवार को किया गया। इस अवसर पर सुरजीत अकरे के चित्रों के कैटलॉग तथा बिहार संग्रहालय के न्यूजलेटर (अप्रैल-जून, 2026 अंक) का लोकार्पण भी किया गया।प्रदर्शनी का उद्घाटन बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने किया।
पटना संग्रहालय के अपर निदेशक सुनील कुमार झा ने बताया कि इस प्रदर्शनी में वरिष्ठ भारतीय कलाकार सुरजीत अकरे द्वारा निर्मित 54 चित्रों की एक साथ प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 18 अप्रैल से शुरू होकर आगामी 17 मई तक आगंतुकों के लिए खुली रहेगी।
बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बिहार संग्रहालय नियमित रूप से प्रसिद्ध भारतीय कलाकारों की पूर्वव्यापी प्रदर्शनियाँ आयोजित करता रहता है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से संग्रहालय बिहार के लोगों के लिए कलाकृतियों का एक महत्वपूर्ण संग्रह प्रस्तुत करता है। यह प्रदर्शनी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत के प्रतिष्ठित चित्रकारों में से एक सुरजीत अकरे के जीवन एवं कार्यों को हमारे सामने प्रस्तुत करती है।
कलाकार सुरजीत अकरे ने बिहार संग्रहालय के महानिदेशक के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रोत्साहन की वजह से ही इस प्रतिष्ठित संस्थान में उन्हें एकल प्रदर्शनी प्रस्तुत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए, कला, इतिहास और संस्कृति को समर्पित स्थान में अपनी कलाकृति प्रदर्शित करने का अवसर मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित